​पीलीभीत। समाजवादी पार्टी 129 विधानसभा पूरनपुर के तत्वावधान में देश व प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और स्थानीय जनहित के मुद्दों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया गया। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष समाजवादी युवजन सभा एवं कार्यक्रम संयोजक राजकुमार “राजू” के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एक विशाल जुलूस निकाला। यह जुलूस राजकुमार “राजू” के कार्यालय से शुरू होकर कोतवाली रोड होते हुए उपजिलाधिकारी (एसडीएम) कार्यालय पहुंचा, जहां महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित एक विस्तृत ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा गया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व सपा जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह “जग्गा” ने किया, जबकि अध्यक्षता विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष संजय सिंह यादव द्वारा की गई।


​सौंपे गए ज्ञापन में मुख्य रूप से पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण लगाने तथा आमजन को महंगाई से राहत देने की मांग की गई है। इसके साथ ही क्षेत्र के किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए पर्याप्त मात्रा में उचित मूल्य पर यूरिया खाद उपलब्ध कराने और खाद की कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की गई। सपा नेताओं ने कहा कि समय पर खाद न मिलने और आवारा पशुओं द्वारा फसलों को नष्ट किए जाने से किसान बेहद परेशान हैं। उन्होंने आवारा पशुओं की रोकथाम के लिए स्थायी व्यवस्था करने और गन्ना किसानों का बकाया भुगतान समय से सुनिश्चित करने की भी पुरजोर वकालत की।


​युवाओं और रोजगार के मुद्दे पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए ज्ञापन में कहा गया कि प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे युवाओं का भविष्य अंधकार में है। सपा कार्यकर्ताओं ने इन मामलों के दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा पारदर्शी व निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही, विभिन्न सरकारी विभागों में रिक्त पड़े पदों पर शीघ्र भर्ती निकालकर बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने का आग्रह किया गया।


​स्थानीय विकास और बुनियादी सुविधाओं को लेकर ज्ञापन में मांग की गई कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पूरनपुर को आधुनिक चिकित्सा उपकरणों, विशेषज्ञ डॉक्टरों और आवश्यक संसाधनों से सुसज्जित किया जाए। इसके अलावा, क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए एक आधुनिक खेल स्टेडियम और छात्र-छात्राओं के लिए आधुनिक पुस्तकालय व अध्ययन केंद्र की स्थापना की जाए। नेताओं ने पूरनपुर क्षेत्र की जर्जर व क्षतिग्रस्त सड़कों के निर्माण, पेयजल व्यवस्था में सुधार और निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग भी उठाई। वक्ताओं ने संकल्प दोहराया कि समाजवादी पार्टी सदैव किसानों, नौजवानों, महिलाओं और वंचितों की आवाज उठाती रहेगी।


​इस अवसर पर मुख्य रूप से पूर्व जिलाध्यक्ष उमाशंकर यादव, जिला उपाध्यक्ष पवन सिंह यादव, संजय खान, मीता सिंह, ओम शर्मा, मो. सरताज, नौशाद गाजी, सतीश वर्मा, भगवान दीन वर्मा, प्रशांत अवस्थी, कल्याण सिंह सरोज, नसरूद्दीन उर्फ पच्छू, डॉ. हसनैन अहमद, बाबू हसन, अशफाक अहमद, राम स्वरुप पाल, हरिनाराथ यादव, सईद हसन, मोह. तुफैल अहमद, रामकुमार वर्मा, अहीद खान, कृष्णा शंकर वर्मा, गंगाराम, दीन दयाल, विनोद कुमार, लालाराम वर्मा, विजयपाल सागर, ज्ञानेंद्र सिंह, राधे सिंह, शिव कुमार यादव, वीरेन्द्र सिंह, विश्वकुमार यादव, डॉ. राजकुमार यादव, नजमुल हसन, रूपेश कुमार, गुलफाम, जवाहर सिंह, सरताज खान, फिरोज खान, साहिम खान, कमालुद्दीन खान, ऐश मोहम्मद और मीर मोहम्मद सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *