पीलीभीत। शिवसेना की पीलीभीत इकाई द्वारा शनिवार को युवा सेना प्रमुख और विधायक आदित्य ठाकरे का 35वां जन्मदिवस स्थानीय शिवसेना कार्यालय पर बेहद उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन शिवसेना के जिला प्रमुख शैली शर्मा और कानूनी सलाहकार एडवोकेट आर.के. शर्मा के संयुक्त नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर कार्यालय में एकत्रित हुए पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने केक काटा और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया। सभी शिवसैनिकों ने एक-दूसरे को बधाई देते हुए युवा नेता आदित्य ठाकरे के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की मंगल कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला प्रमुख शैली शर्मा ने कहा कि आदित्य ठाकरे ने मुंबई से विधायक रहते हुए पर्यावरण संरक्षण, जनसेवा और युवाओं के कल्याण के क्षेत्र में अत्यंत सराहनीय व ऐतिहासिक कार्य किए हैं। वहीं, उपस्थित कार्यकर्ताओं ने कहा कि आदित्य ठाकरे देश के करोड़ों युवाओं के प्रेरणास्रोत हैं और उनके जन्मदिन को सेवा कार्यों के संकल्प के साथ मनाना सभी शिवसैनिकों के लिए गर्व की बात है। कार्यक्रम के समापन पर सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर यह संकल्प लिया कि वे आदित्य ठाकरे के दिखाए गए मार्ग और नीतियों पर चलकर निरंतर समाज सेवा के कार्यों में अपना योगदान देते रहेंगे।
इस गौरवमयी जन्मदिवस समारोह में शिवसेना के जिला अध्यक्ष शैली शर्मा, जिला उपाध्यक्ष प्यारेलाल प्रजापति, कानूनी सलाहकार एडवोकेट आर.के. शर्मा, प्रवक्ता प्रदीप श्रीवास्तव, जिला महासचिव सोनू गोस्वामी तथा जिला सचिव हर्षित मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इनके अलावा विशेष शर्मा, अभिलाष गुप्ता, प्रेम शंकर, दयाराम, ऋषभ सिंह, सौरभ यादव, आंचल शर्मा, अमित शर्मा और चंचल वर्मा सहित बड़ी संख्या में शिवसैनिकों ने मौजूद रहकर कार्यक्रम को सफल बनाया।