पीलीभीत। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, पीलीभीत एवं संबद्ध चिकित्सालय द्वारा जनसामान्य में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक विशेष स्वास्थ्य जागरूकता रैली एवं आईईसी (सूचना, शिक्षा एवं संचार) सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस. पी. सिंह द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर डॉ. अरुण सिंह, डॉ. शकील अहमद, डॉ. महेश कुमार पाण्डेय, डॉ. कौस्तव हलदार एवं राजेश सहित महाविद्यालय एवं चिकित्सालय के कई अन्य अधिकारी और वरिष्ठ चिकित्सक मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
जागरूकता रैली का प्रारंभ चिकित्सालय के ओपीडी क्षेत्र से हुआ, जो विभिन्न विभागों से होते हुए नवीन चिकित्सालय भवन एवं मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य (एमसीएच) विंग तक पहुंची। इस रैली में नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल स्टाफ, छात्र-छात्राओं एवं अन्य कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने स्वच्छता बनाए रखने, संचारी रोगों की रोकथाम, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, उचित पोषण, समय पर टीकाकरण तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने से संबंधित नारों और संदेशों के माध्यम से अस्पताल में आए मरीजों, उनके तीमारदारों एवं आमजन को जागरूक किया। इसके साथ ही लोगों को विभिन्न स्वास्थ्य विषयों पर आधारित आईईसी सामग्री और पम्पलेट भी वितरित किए गए।

इस पूरे आयोजन का मुख्य उद्देश्य जनसामान्य को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराना, गंभीर रोगों की रोकथाम के प्रति सचेत करना तथा समय पर जांच एवं उपचार कराने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्राचार्या डॉ. संगीता अनेजा ने सहभागिता करने वाले सभी चिकित्सकों, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल कर्मियों तथा छात्र-छात्राओं के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य को बेहतर बनाने और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए मेडिकल कॉलेज द्वारा ऐसे ज्ञानवर्धक कार्यक्रम भविष्य में भी नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे।