​पीलीभीत। उत्तर प्रदेश पुलिस की साइबर अपराध शाखा ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए विभिन्न व्यक्तियों के खोए हुए कुल 209 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव के कुशल निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया व सहायक पुलिस अधीक्षक नताशा गोयल के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। जनपदीय साइबर क्राइम टीम तथा जनपद के सभी थानों पर गठित साइबर हेल्प डेस्क के अथक प्रयासों और ‘CEIR PORTAL’ के माध्यम से इन मोबाइलों को ट्रैक कर बरामद किया गया है। बरामद किए गए इन सभी 209 मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत करीब 29,22,121/- रुपये आंकी गई है।


​पुलिस लाइन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में इन सभी बरामद मोबाइलों को उनके वास्तविक स्वामियों के सुपुर्द कर दिया गया, जिससे मोबाइल स्वामियों के चेहरे पर खुशी लौट आई। इस उल्लेखनीय सफलता को हासिल करने वाली टीम में जनपदीय साइबर क्राइम सेल के प्रभारी निरीक्षक क्रान्तिवीर सिंह, उनकी पूरी सेल टीम और समस्त थानों की साइबर हेल्प डेस्क टीम शामिल रही, जिनके प्रयासों की सराहना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *