​पीलीभीत। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट) के एक शिष्टमंडल ने जिला विद्यालय निरीक्षक विजय कुमार से मुलाकात कर बीती 5 जून को सौंपे गए मांग पत्र के बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। इस शिष्टमंडल में जिला अध्यक्ष लक्ष्मीकांत शर्मा, जहानाबाद इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य रोहतास कुमार और सेवानिवृत्त प्रवक्ता व तदर्थ प्रधानाचार्य ओम प्रकाश वर्मा शामिल रहे। वार्ता के दौरान शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया, जिसमें मुख्य रूप से महंगाई भत्ते (डीए) के अवशेषों का भुगतान, गांधी स्मारक इंटर कॉलेज बिलसंडा के शिक्षक सत्यपाल के नवंबर माह के रोके गए वेतन की बहाली और शिक्षकों के आयकर संबंधी मामलों को देखने के लिए एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) की नियुक्ति की मांग शामिल थी।
​चर्चा के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक ने शिष्टमंडल को आश्वस्त किया कि मांग पत्र में शामिल सभी बिंदुओं पर विभागीय कार्रवाई गतिमान है। इस पर शिष्टमंडल के पदाधिकारियों ने जोर देते हुए कहा कि महंगाई भत्ते और शिक्षक सत्यपाल के वेतन के अवशेषों का भुगतान एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने ध्यानाकर्षण कराया कि शिक्षकों के आयकर संबंधी प्रकरण लंबे समय से कार्यालय में लंबित पड़े हैं क्योंकि अभी तक वहां चार्टर्ड अकाउंटेंट की सेवाएं उपलब्ध नहीं हैं। संघ ने शीघ्र सीए की नियुक्ति की मांग की ताकि आयकर मामलों का निस्तारण हो सके, शिक्षकों को समय से आयकर विवरणी दाखिल करने के लिए फॉर्म-16 मिल सके और उनका विवरण 26AS में प्रदर्शित हो सके। इसके अलावा, शिष्टमंडल ने शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के एसीपी (एश्योर्ड करियर प्रोग्रेशन) के मामलों का भी जल्द निस्तारण करने का आग्रह किया। पदाधिकारियों ने कहा कि इन सभी मांगों पर त्वरित कार्रवाई की जाए और आगामी 19 जून को इस मांग पत्र के बिंदुओं पर प्रगति की पुनः समीक्षा व चर्चा की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi