पीलीभीत। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पदाधिकारियों ने जनपद के ग्राम मुड़िया (तहसील पूरनपुर) में एक किसान की भूमि पर जबरन कब्जे के प्रयास और न्यायालय के आदेशों की अवहेलना को लेकर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। इस संबंध में संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी (डीएम) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) पीलीभीत से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा। भाकियू नेताओं ने प्रशासन से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने अवगत कराया कि ग्राम मुड़िया निवासी एक पीड़ित किसान की गाटा संख्या 779 और 780 की भूमि पर कुछ स्थानीय दबंग तत्वों द्वारा जबरन कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। किसान के पक्ष में माननीय सिविल न्यायालय द्वारा स्पष्ट आदेश भी जारी किए जा चुके हैं, इसके बावजूद इन आदेशों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। दबंग तत्वों द्वारा किसान को लगातार प्रताड़ित कर उसकी जमीन पर अवैध रूप से काबिज होने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे पीड़ित परिवार में भय का माहौल है।
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने जिला व पुलिस प्रशासन से मांग की है कि माननीय न्यायालय के आदेशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए और पीड़ित किसान की भूमि को सुरक्षा प्रदान की जाए। संगठन ने दोहरे लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने इस गंभीर मामले में शीघ्र ही कोई न्यायोचित और ठोस कार्रवाई नहीं की, तो यूनियन किसानों के हक में एक बड़ा आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगी। भाकियू ने स्पष्ट किया कि आंदोलन की स्थिति में उत्पन्न होने वाली कानून-व्यवस्था की समस्त जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। इस मौके पर स्वराज सिंह सिद्धू (प्रदेश सचिव), गुरजीत सिंह विर्क (जिला मीडिया प्रभारी), मनदीप सिंह (प्रदेश सचिव तराई क्षेत्र) और लखबीर सिंह सहित भारी संख्या में किसान संगठन से जुड़े लोग उपस्थित रहे।