लखनऊ। देशभर में चर्चा का विषय बनी कॉकरोच जनता पार्टी ने अब उत्तर प्रदेश में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके लखनऊ पहुंच चुके हैं और उन्होंने शनिवार को इको गार्डन में प्रस्तावित छात्र प्रदर्शन में शामिल होने की घोषणा की है। यह प्रदर्शन कथित नीट पेपर लीक मामले के विरोध में आयोजित किया जाना था।
जानकारी के अनुसार, प्रदर्शन का आह्वान कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से किया गया था। पार्टी प्रमुख अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया और वीडियो संदेशों के माध्यम से छात्रों और युवाओं से बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की थी। उनका कहना है कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए आवाज उठाना जरूरी है।
हालांकि, लखनऊ पुलिस ने इस प्रदर्शन को अनुमति देने से इनकार कर दिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रदर्शन की अनुमति के लिए आवेदन पार्टी के प्रतिनिधि विवेक कुमार की ओर से दिया गया था, लेकिन सुरक्षा और प्रशासनिक कारणों के चलते अनुमति नहीं दी गई।
इसके बावजूद, ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) ने प्रदर्शन जारी रखने का दावा किया है। संगठन के लखनऊ इकाई अध्यक्ष शांतम निधि ने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा है कि छात्र अपने अधिकारों और न्याय की मांग को लेकर पीछे नहीं हटेंगे तथा हर हाल में विरोध दर्ज कराया जाएगा।
पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच बने इस गतिरोध के चलते शनिवार को राजधानी में स्थिति पर प्रशासन की विशेष नजर बनी हुई है। वहीं, नीट परीक्षा और पेपर लीक से जुड़े मुद्दों को लेकर छात्रों में नाराजगी लगातार बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी कार्यक्रम में शामिल होने से पहले आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है।