पीलीभीत। विश्व रक्तदाता दिवस (14 जून) के उपलक्ष्य में स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, पीलीभीत एवं संबद्ध चिकित्सालय द्वारा व्यापक जनजागरूकता और रक्तदान संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत जिले में 14 जून 2026 से 13 जुलाई 2026 तक एक महीने का विशेष स्वैच्छिक रक्तदान अभियान संचालित किया जाएगा। रक्तकोष विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, इस अभियान के दौरान कुल 450 यूनिट रक्त संग्रह करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस उद्देश्य को पूरा करने के लिए विभिन्न शासकीय, गैर-शासकीय संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी समूहों से संपर्क कर उन्हें इस मानवीय अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
अभियान के प्रथम चरण के अंतर्गत 12 जून 2026 को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा के क्षेत्रीय कार्यालय में एक विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 14 जून 2026 को विश्व रक्तदाता दिवस के मुख्य अवसर पर जिला स्तर पर एक व्यापक रक्तदान शिविर आयोजित होगा। रक्तकोष प्रभारी डॉ. परीक्षित सिंह ने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि इससे दुर्घटना पीड़ितों, गंभीर मरीजों, प्रसूता माताओं और थैलेसीमिया से पीड़ित रोगियों का जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने जनपदवासियों से बढ़-चढ़कर स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की है।
इस वर्ष विश्व रक्तदाता दिवस की थीम “मानवता की एक बूंद – रक्तदान करें, जीवन बचाएं” रखी गई है। इसी क्रम में स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, पीलीभीत की प्राचार्या डॉ. संगीता अनेजा ने सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों और विशेषकर युवाओं से रक्तदान के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने तथा नियमित स्वैच्छिक रक्तदाता बनने का पुरजोर आह्वान किया है।