रुद्रपुर में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग और पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। संयुक्त आबकारी आयुक्त प्रदीप कुमार और जिला आबकारी अधिकारी महेन्द्र सिंह बिष्ट के निर्देशन में ग्राम बिंदुखेड़ा में छापेमारी के दौरान एक अवैध शराब भट्टी को ध्वस्त किया गया। मौके पर लगभग 2500 किलोग्राम लहन नष्ट किया गया तथा करीब 40 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
वहीं दूसरी ओर रम्पुरा क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब कारोबारियों के नए तरीके का खुलासा किया है। काली मंदिर के पास एक घर और दुकान में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस को दुकान के अंदर रखे सोफे के नीचे बनाए गए गुप्त गड्ढों में छिपाकर रखे गए दो ड्रम मिले। ड्रमों की तलाशी लेने पर उनमें से 52 पाउच अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से दो महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि इस स्थान पर अवैध शराब बिक्री की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं, लेकिन पहले की गई कई दबिशों में पुलिस को सफलता नहीं मिली थी। एसएसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने रम्पुरा चौकी प्रभारी पंकज कुमार और बाजार चौकी प्रभारी प्रदीप कोहली के नेतृत्व में कार्रवाई कर इस अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया। पुलिस और आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।