ओहायो (अमेरिका)। अमेरिका के ओहायो राज्य के टोलेडो शहर में आयोजित एक फेस्टिवल उस समय अफरा-तफरी में बदल गया, जब दो बंदूकधारियों के बीच हुई गोलीबारी में 12 लोग घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई और भारी पुलिस बल मौके पर तैनात कर दिया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दो हमलावरों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद दोनों ने एक-दूसरे पर अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दीं। फायरिंग की चपेट में आकर वहां मौजूद कई निर्दोष लोग घायल हो गए।

टोलेडो पुलिस के उप प्रमुख जोसेफ हेफ़रनन ने बताया कि गोलीबारी में कुल 12 लोगों को गोली लगी है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से दो की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।

घटना को अंजाम देने के बाद दोनों संदिग्ध हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। वहीं, घटनास्थल को घेरकर फोरेंसिक टीमों ने जांच शुरू कर दी है और बैलिस्टिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

पुलिस अभी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों हमलावरों के बीच विवाद की वजह क्या थी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और कार्यक्रम में मौजूद लोगों से वीडियो व अन्य सुराग साझा करने की अपील की गई है।

अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी तक जांच और तलाशी अभियान जारी रहेगा। घटना के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *