रुद्रपुर। पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने शनिवार को रुद्रपुर स्थित सिटी क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने पूर्व सैनिकों, अग्निवीर योजना, नजूल भूमि, किसानों, श्रमिकों और बंगाली समाज से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए सरकार पर जनहित की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

हरीश रावत ने कहा कि वन रैंक-वन पेंशन की विसंगतियों को लेकर पूर्व सैनिक लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं। कांग्रेस सत्ता में आने पर इन विसंगतियों को दूर करेगी। उन्होंने कहा कि अग्निवीर योजना से बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक और युवा निराश हैं तथा यह सेना की गौरवशाली रेजीमेंट व्यवस्था को प्रभावित कर रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि कांग्रेस सरकार बनने पर अग्निवीर योजना समाप्त कर पुरानी भर्ती व्यवस्था बहाल की जाएगी।

उन्होंने कहा कि अर्द्धसैनिक बलों के जवानों की जिम्मेदारियां लगातार बढ़ रही हैं, इसलिए उनके कल्याण के लिए अलग बोर्ड का गठन आवश्यक है। कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में सैनिक और अर्द्धसैनिक कल्याण बोर्ड की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की थी।

अल्मोड़ा में आयोजित कांग्रेस की जनसभा का जिक्र करते हुए रावत ने कहा कि खराब मौसम के बावजूद कार्यक्रम ऐतिहासिक रहा। राहुल गांधी भले ही भौतिक रूप से नहीं पहुंच सके, लेकिन उनके वर्चुअल संबोधन ने कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भर दिया। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा में दिखाई दिया जोश अब गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा।

नजूल भूमि के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरते हुए हरीश रावत ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में नाममात्र शुल्क पर लोगों को मालिकाना हक देने की ऐतिहासिक पहल की थी, जबकि भाजपा सरकार इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा सकी। उन्होंने आरोप लगाया कि नजूल भूमि के मामले में जनता को गुमराह किया गया है और सैकड़ों फाइलें वर्षों से लंबित पड़ी हैं।

उन्होंने कहा कि तराई-भाबर क्षेत्र के साथ अन्याय हुआ है और कांग्रेस इस मुद्दे को जनता के बीच प्रमुखता से उठाएगी। साथ ही विधानसभा में बंगाली समाज को लेकर की गई कुछ टिप्पणियों की भी उन्होंने आलोचना की।

श्रमिकों की समस्याओं पर बोलते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सिडकुल क्षेत्र में श्रमिकों का शोषण बढ़ा है। भाजपा सरकार किसानों के बाद अब मजदूरों के हितों की भी अनदेखी कर रही है। कांग्रेस किसानों और श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

इस अवसर पर विधायक एवं पूर्व मंत्री तिलकराज बेहड़ ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि नजूल नीति को लेकर जनता को भ्रमित किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि यदि हरीश रावत सरकार की नजूल नीति को सही तरीके से लागू किया जाए तो हजारों परिवारों को इसका लाभ मिल सकता है।

पत्रकार वार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा, महानगर अध्यक्ष ममता रानी, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *