पीलीभीत। जनता की समस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए शासन के मंशानुसार शनिवार को तहसील कलीनगर में ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने स्वयं मौजूद रहकर क्षेत्र से आए फरियादियों की समस्याओं को बेहद गंभीरता से सुना। अधिकारियों ने प्राप्त सभी शिकायतों और प्रार्थना पत्रों की गहन समीक्षा की और संबंधित विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि हर हाल में शिकायतों का समयबद्ध व पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
समाधान दिवस के दौरान भूमि विवाद से जुड़े कई मामले सामने आए, जिस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी ने राजस्व व पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टीमें मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच करें और दोनों पक्षों को सुनकर न्यायोचित समाधान निकालें ताकि भविष्य में किसी प्रकार के विवाद की स्थिति न बने। इस मौके पर विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारीगण भी उपस्थित रहे, जिन्हें लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने की हिदायत दी गई।