रुद्रपुर| उद्धमसिंहनगर जनपद के रुद्रपुर स्थित पुलिस लाइन परिसर से एक बड़ी और हैरान कर देने वाली दुर्घटना की खबर सामने आई है। शनिवार दोपहर को पुलिस लाइन में खड़े सीज और लावारिस वाहनों के यार्ड में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया और एक के बाद एक कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में करीब 85 वाहन जलकर खाक हो गए हैं। घटना के बाद पुलिस महकमे और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
बाल्टियां लेकर दौड़े रिक्रूट जवान, आसमान में छाया धुआं
पुलिस प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर पुलिस लाइन परिसर में जिले भर के विभिन्न थानों द्वारा अलग-अलग मामलों में सीज किए गए और लावारिस मिले दो-पहिया व चार-पहिया वाहनों को सुरक्षित रखा गया था [user content]। शनिवार दोपहर को अचानक इस वाहन यार्ड से आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार उठने लगा।
आग को बढ़ता देख पुलिस लाइन में हड़कंप मच गया [user content]। वहां प्रशिक्षण (ट्रेनिंग) ले रहे नए रिक्रूट आरक्षी अपनी जान की परवाह किए बिना तुरंत हरकत में आए और हाथों में पानी की बाल्टियां लेकर आग बुझाने के लिए दौड़ पड़े। जवानों ने दमकल विभाग के पहुंचने से पहले अपने स्तर पर आग को फैलने से रोकने का पूरा प्रयास किया।
दमकल की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल दमकल विभाग को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) ईशांत कटारिया के नेतृत्व में फायर ब्रिगेड की दो बड़ी गाड़ियां और फायर फाइटर्स की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों और पुलिस लाइन के स्टाफ ने मिलकर चारों तरफ से पानी की बौछारें शुरू कीं और काफी कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।
करीब 85 वाहन जलकर खाक, कारणों की जांच जारी
आरआई (RI) गजेंद्र सिंह परवाल ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इस अग्निकांड में यार्ड में खड़े करीब 85 सीज और लावारिस वाहन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए हैं। गनीमत यह रही कि आग को समय रहते रोक लिया गया, जिससे पुलिस लाइन की मुख्य इमारतों और बैरकों को कोई नुकसान नहीं पहुँचा। सीएफओ ईशांत कटारिया और फायर ब्रिगेड के अन्य तकनीकी अधिकारी आग लगने के सही कारणों (शॉर्ट सर्किट या सूखी घास में चिंगारी) की बारीकी से जांच कर रहे हैं। हादसे से हुए कुल नुकसान का सटीक आकलन भी किया जा रहा है।