अमरिया (पीलीभीत)। थाना क्षेत्र के अंतर्गत अमरिया कस्बे में एक दुकान के पास बैठे पिता-पुत्र के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट का मामला सामने आया है। ग्राम चठिया नियाज अहमद निवासी लाल मोहम्मद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पांच जून की रात करीब 8:15 बजे वह अपने पुत्र यूनुस के साथ अमरिया में मौजूद थे। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद जनपद ऊधमसिंह नगर (उत्तराखंड) के थाना सितारगंज अंतर्गत ग्राम पंडरी निवासी जावेद, उवैश, गुलशन पत्नी अमीर अहमद तथा अमीर अहमद आपस में किसी बात को लेकर चर्चा कर रहे थे। आरोप है कि अचानक जावेद ने लाल मोहम्मद के साथ बिना किसी कारण गाली-गलौज शुरू कर दी, और जब इसका विरोध किया गया, तो चारों नामजद आरोपियों ने उनके पुत्र यूनुस को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।
पुत्र को पिटता देख जब लाल मोहम्मद उसे बचाने के लिए आगे बढ़े, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की, जिससे यूनुस को काफी चोटें आईं। मौके पर चीख-पुकार और शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए, जिन्होंने बीच-बचाव कर दोनों की जान बचाई। पीड़ित का आरोप है कि जाते-जाते आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।