रुद्रपुर। गूलरभोज क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।

जानकारी के अनुसार गूलरभोज के कोपा लालसिंह निवासी 50 वर्षीय होरी सिंह, पुत्र स्वर्गीय विशन सिंह, अविवाहित थे और घर में अकेले रहते थे। मंगलवार मध्यरात्रि वह घर से टहलने के लिए निकले थे। बताया जाता है कि जब वह कॉलोनी नंबर-2 के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद राहगीरों ने होरी सिंह को लहूलुहान अवस्था में सड़क पर पड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस व परिजनों को दी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार से दौड़ रहे खनन सामग्री से लदे डंपरों पर रोक लगाने की मांग उठाई है।

पूर्व प्रधान नैन सिंह, प्रेम सिंह, रूप सिंह तथा पूर्व उपप्रधान मनोज देवराड़ी ने प्रशासन से मांग की कि अनियंत्रित गति से चलने वाले डंपरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि पूर्व में भी ऐसे वाहनों की चपेट में आकर कई लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन अब तक प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं।

पुलिस अज्ञात वाहन और चालक की तलाश में जुटी हुई है तथा मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *