लखनऊ। इटौंजा-कुर्सी मार्ग स्थित बीरपुर क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार कंटेनर ने साइकिल सवार दंपती को रौंद दिया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने महिला का शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। सूचना मिलते ही एसीपी, एसडीएम और तहसीलदार सहित प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया।
पुलिस ने घायल व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जबकि महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद कंटेनर चालक मौके से फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश की जा रही है।
फिलहाल प्रशासन द्वारा ग्रामीणों को उचित कार्रवाई और सहायता का आश्वासन दिया गया है। मामले की जांच जारी है।