​पीलीभीत। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जनगणना सेल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जनपद में आगामी जनगणना-2027 के मद्देनजर संचालित की जा रही विभिन्न गतिविधियों और अब तक हुई प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। जिलाधिकारी ने सेल में रखे जनगणना कार्यों से संबंधित महत्वपूर्ण अभिलेखों, डाटा संकलन, मकानीकरण (हाउसलिस्टिंग) तथा अन्य प्रशासनिक तैयारियों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और स्पष्ट निर्देश दिए कि राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी गुणवत्ता और शुद्धता के साथ संपन्न किया जाए।
​समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम है, क्योंकि इसके जरिए जुटाए गए आंकड़े ही भविष्य की विकास योजनाओं और सरकारी नीतियों के निर्माण का मुख्य आधार बनते हैं। इसलिए इस कार्य में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक स्तर पर पूरी गंभीरता, पारदर्शिता व उत्तरदायित्व के साथ काम करना होगा। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जनगणना सेल में उपलब्ध संसाधनों, फाइलों के रखरखाव और कार्यप्रणाली को भी देखा तथा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुधारात्मक दिशा-निर्देश जारी किए। इस अवसर पर जनगणना सेल के सभी संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *