पीलीभीत। केंद्र में भारतीय जनता पार्टी की सरकार का 12 वर्ष का सफल कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में बीसलपुर के भाजपा कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में एक विशाल प्रचार रथ निकाला। इस रथ के माध्यम से ग्रामीणों को सरकार की जनहितैषी उपलब्धियों की जानकारी दी गई और उन्हें पार्टी से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। बीसलपुर-पीलीभीत मार्ग पर स्थित भाजपा कैंप कार्यालय से इस प्रचार रथ का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य और जिला उपाध्यक्ष मनोज गुप्ता ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा सरकार की नीतियां और उपलब्धियां जनता के हित में पूरी तरह कल्याणकारी हैं और केंद्र सरकार ने बिना किसी भेदभाव के समाज के सभी वर्गों का समान विकास सुनिश्चित किया है। वहीं, जिला उपाध्यक्ष मनोज गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में केंद्र सरकार देश को निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जा रही है।
प्रचार रथ का नेतृत्व कर रहे भाजपा नेता डॉ. डीपी गंगवार ने कहा कि भाजपा के कार्यकाल में भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार हुआ है और आज समाज के हर गरीब व वंचित तबके को सीधे न्याय मिल रहा है। यह प्रचार रथ क्षेत्र के ग्राम जसौली, दिउली, परसिया सहित आधा दर्जन से अधिक गांवों में पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा चलाई जा रही जनहितकारी योजनाओं से अवगत कराया। कार्यक्रम के दौरान “तेल बचाओ, देश बचाओ” अभियान के तहत भी विशेष रूप से प्रचार किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री के संदेश को दोहराते हुए ग्रामीणों को बताया गया कि ऊर्जा संरक्षण आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और हमें ईंधन की बचत कर देश की उन्नति में अपना योगदान देना होगा।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख अशोक शर्मा, नगर उपाध्यक्ष नागेंद्र गंगवार, जिला मंत्री शेखर शुक्ला, उमाकांत, हजारीलाल, राजेश गंगवार, रामप्रताप, गोपाल, मुनेंद्र पाल, हरपाल, मुन्नालाल, नंदराम वर्मा, नरेश पाल, बृजेश शुक्ला, हरिओम, संजीव मौर्य, राजेंद्र देव भारती, युवा मोर्चा टिकरी के सत्यवीर मिश्रा, मंडल महामंत्री टिकरी वीर देव शर्मा, मंडल उपाध्यक्ष अंशुल तथा कोषाध्यक्ष राजीव गंगवार सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहे।