पीलीभीत। थाना बीसलपुर क्षेत्र के अंतर्गत पटेल नगर में मंगलवार को एक निर्माणाधीन मकान की शटरिंग खोलते समय अचानक पूरा ढांचा भरभराकर गिर पड़ा। इस दर्दनाक हादसे में मलबे के नीचे दबने से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, यह निर्माणाधीन मकान राजेश उर्फ अरविंद एडवोकेट का है, जहां निर्माण कार्य के दौरान शटरिंग हटाने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक शटरिंग का ढांचा ढह गया, जिससे वहां काम कर रहे श्रमिकों में चीख-पुकार मच गई और वे मलबे में जमींदोज हो गए।



हादसे की भनक लगते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए और आनन-फानन में राहत कार्य शुरू किया गया। सूचना मिलते ही बीसलपुर थाने के एसएसआई रमेश चंद्र शर्मा पुलिस बल के साथ तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकलवाया। मलबे से निकाले जाने के बाद पटेल नगर निवासी रामचंद्र (55 वर्ष) को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए बुद्धसेन, वीरेंद्र और वीरपाल को तत्काल एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीसलपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृतक रामचंद्र के शव को कब्जे में लेकर उसका पंचायतनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।