पीलीभीत। थाना कोतवाली पुलिस ने पेंट गोदाम से हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत, आज गुरुवार को पुलिस टीम ने राजघाट पार्क के सामने से विजय पाल और विनीत (निवासी बरेली) को चोरी में प्रयुक्त वाहन सहित पकड़ा। अभियुक्तों के पास से एक छोटा ट्रक (संख्या उप्र 25इटी 2051) और एशियन पेंट्स के विभिन्न बाल्टियाँ व डिब्बे बरामद किए गए हैं। बरामदगी के आधार पर मामले में धारा 317 (2) बीएनएस की वृद्धि की गई है और अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
घटना का विवरण देते हुए अग्रवाल पेंट सेंटर के मालिक ने बताया कि उनके गोदाम पर ट्रांसपोर्ट के माध्यम से माल आता है। सीसीटीवी फुटेज की जांच से पता चला कि 06 मई 2026 को वाहन के ड्राइवर और हेल्पर ने करीब 29,000 रुपये का पेंट और पॉलिश चोरी किया था, जिसके बाद 13 मई को पुनः 3,500 रुपये की पेंट की बाल्टी चोरी की गई। जांच के दौरान चोरी में प्रयुक्त वाहन संख्या उप्र 25 ईटी 2023 और उप्र 25 इटी 2051 प्रकाश में आए थे। इस सफल कार्यवाही को उप निरीक्षक तरुण कुमार, मुख्य आरक्षी राकेश कुमार और आरक्षी विवेक कुमार की टीम ने अंजाम दिया।