​अमरिया PILIBHIT। विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के हौसले बुलंद हैं। थाना अमरिया क्षेत्र के अंतर्गत एक युवक को रूस (रशिया) भेजने का झांसा देकर 5 लाख 4 हजार रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
​नौकरी का झांसा देकर वसूले लाखों रुपये
ग्राम तुमड़िया निवासी भीकमनाथ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका पुत्र उमेश नाथ बेरोजगार है और काम की तलाश कर रहा था। इसी दौरान उनकी मुलाकात बिलासपुर निवासी सुखजीत सिंह से हुई। सुखजीत ने भरोसा दिलाया कि खटीमा (उत्तराखंड) निवासी सुखदीप सिंह उसके बेटे को रूस में काम दिला सकता है। इस काम के लिए कागजात और टिकट के नाम पर 3 लाख 75 हजार रुपये का खर्च बताया गया। झांसे में आकर पीड़ित ने 30 सितंबर 2025 से लेकर अलग-अलग तारीखों में कुल 5 लाख 4 हजार रुपये आरोपी सुखदीप सिंह के खाते में ट्रांसफर कर दिए।
​फर्जी ई-वीजा थमाया, शक होने पर खुली पोल
रकम ऐंठने के बाद जब पीड़ित ने वीजा और टिकट की मांग की, तो आरोपी ने ‘नोटिफिकेशन ऑफ ग्रांटिंग एन ई-वीजा’ नामक एक दस्तावेज थमा दिया, जिस पर उमेश का नाम और वीजा की वैधता दर्ज थी। दस्तावेज संदिग्ध लगने पर जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोपी ने टालमटोल के बाद 2 लाख 60 हजार रुपये का एक चेक दिया। पीड़ित जब चेक लेकर बैंक पहुंचा, तो पता चला कि खाते में पर्याप्त धनराशि ही नहीं है।
​पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई
चेक बाउंस होने और आरोपी की नियत साफ न होने पर पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। पुलिस ने भीकमनाथ की तहरीर पर आरोपी सुखदीप सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है और जल्द ही आरोपी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *