गंगटोक | सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग (गोले) ने सरकारी खर्च में कटौती (Austerity Measures) और वित्तीय अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए कई कड़े प्रशासनिक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। गंगटोक में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने राज्य के वित्तीय बोझ को कम करने के लिए तत्काल प्रभाव से कई बड़े बदलावों को लागू करने का आदेश दिया।

50% वर्क फ्रॉम होम और शनिवार-रविवार को भी काम
मुख्यमंत्री ने सभी सरकारी विभागों को निर्देश दिया है कि वे अपने कुल स्टाफ में से 50% कर्मचारियों के लिए ‘घर से काम’ (Work from Home) की व्यवस्था तैयार कर उसे लागू करें। इसके साथ ही, प्रशासनिक कामकाज की गति को बनाए रखने के लिए अब शनिवार और रविवार को भी कार्य दिवस (Working Days) के रूप में बहाल रखने का निर्णय लिया गया है।

विदेश यात्राओं पर लगा प्रतिबंध
सरकारी खजाने पर बढ़ते खर्च को रोकने के लिए सिक्किम सरकार ने सभी स्तर के सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों की विदेश यात्राओं पर अगले एक वर्ष के लिए पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है। अब कोई भी कर्मचारी अगले एक साल तक सरकारी खर्च पर विदेशी दौरों पर नहीं जा सकेगा।

वाहनों के इस्तेमाल पर नकेल और ‘ऑड-इवन’ का सुझाव
ईंधन की खपत और खर्चों को नियंत्रित करने के लिए मुख्यमंत्री ने सरकारी वाहनों के बेतरतीब इस्तेमाल पर भी रोक लगाने की बात कही है। उन्होंने निर्देश दिया कि:

  • कर्मचारी एक जिले से दूसरे जिले या राज्य से बाहर जाने के लिए सरकारी वाहनों का उपयोग कम से कम करें।
  • बढ़ते यातायात और ईंधन के खर्च को कम करने के लिए राज्य के सभी जिलों में विषम-सम (Odd-Even) वाहन नियम लागू करने का महत्वपूर्ण सुझाव दिया गया है।

मुख्यमंत्री के इस फैसले का उद्देश्य राज्य के राजस्व को बचाना और उपलब्ध संसाधनों का सही तरीके से प्रबंधन करना है। इन नए नियमों को लेकर जल्द ही विस्तृत गाइडलाइन जारी की जाएगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *