पीलीभीत। नगर पालिका परिषद द्वारा शहर के विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए वार्ड नंबर 14 के मोहल्ला खैरूल्ला शाह में सड़क निर्माण कार्य को पूरा कर लिया गया है। पालिकाध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने नवनिर्मित सड़क का विधिवत लोकार्पण किया, जिससे क्षेत्रवासियों में भारी उत्साह देखा गया। इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर पालिकाध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया और लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान पर प्रसन्नता व्यक्त की।
यह सड़क निर्माण कार्य मोहल्ला खैरूल्ला शाह रियाजा के मकान से डॉ. मोहम्मद मियां के मकान तक और नसरीन के मकान से लाला कारपेंटर तक कराया गया है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, इस सड़क का निर्माण अंतिम बार वर्ष 1967 में हुआ था और पिछले 30 वर्षों से यह अत्यंत जर्जर अवस्था में थी। खराब सड़क के कारण राहगीरों और क्षेत्रवासियों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। अब आधुनिक मानकों के अनुरूप सड़क बनने से मोहल्ले के सैकड़ों परिवारों को बड़ी राहत मिली है।
लोकार्पण के दौरान पालिकाध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर पालिका परिषद सड़कों, नालियों और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि विकास की दौड़ में किसी भी वार्ड को पीछे नहीं रहने दिया जाएगा और शहर के सभी कोनों में समान रूप से विकास कार्य जारी रहेंगे।
इस कार्यक्रम में सभासद अनस अंसारी, साकेत सक्सेना, वतनदीप मिश्रा सहित भारी संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिक और नगर पालिका के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।