श्रावस्ती। जिले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गैंगरेप, एससी/एसटी एक्ट और अवैध हथियार के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, सोनवा और भिनगा थाना पुलिस की संयुक्त टीम क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदिग्ध आरोपी ननके पुलिस को दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

मुठभेड़ के दौरान आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस, मोबाइल फोन और 1200 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी लंबे समय से गैंगरेप, एससी/एसटी एक्ट और अवैध हथियार से जुड़े मामलों में फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

यह मुठभेड़ भाखला पुल के पास हुई। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *