रुद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने अधिकारियों को मुख्य देयक एवं विविध देयकों की वसूली में तेजी लाने और मानसून के दौरान पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। मंगलवार को जिला सभागार में आयोजित मासिक स्टाफ बैठक में उन्होंने सभी विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारियों और तहसीलदारों को नियमित कोर्ट लगाकर लंबित वादों का त्वरित निस्तारण करने तथा पुराने मामलों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व बकायेदारों से सख्ती के साथ वसूली सुनिश्चित की जाए। साथ ही मजिस्ट्रियल जांचों को भी निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए डीएम ने पुलिस विभाग को जनपद में अपराध नियंत्रण के लिए सक्रियता बढ़ाने को कहा। उन्होंने अनैतिक गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बंदोबस्त चकबंदी अधिकारी को निर्देशित किया कि जिन गांवों में चकबंदी प्रक्रिया चल रही है, वहां कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित समय के भीतर प्रक्रिया पूरी की जाए। वहीं जिला आबकारी अधिकारी को कच्ची शराब और अवैध मदिरा की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए नियमित छापेमारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन, सीएम जन समर्पण पोर्टल, आयोगों के संदर्भ, रिट याचिकाएं, ऑडिट आपत्तियां और पेंशन प्रकरणों की समयबद्ध रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का गंभीरता से निस्तारण करें तथा शिकायतकर्ताओं से स्वयं संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान करें।
उन्होंने एआरटीओ को ओवरलोड वाहनों और राष्ट्रीय राजमार्ग की सर्विस लेन में अवैध पार्किंग करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी को होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट में नियमित निरीक्षण, खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग और जांच कराने के निर्देश देते हुए कहा कि आम जनता को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय एवं कौस्तुभ मिश्र, एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी, उप जिलाधिकारी ऋचा सिंह, मनीष बिष्ट, गौरव पांडेय, अभय प्रताप सिंह, राहुल शाह, तुषार सैनी, ओसी हिमांशु कफल्टिया, संयुक्त निदेशक अभियोजन डीएस जंगपांगी, डीजीसी मनोज कुमार तिवारी, बरीत सिंह, एआरटीओ मोहित कोठारी, जिला पूर्ति अधिकारी विनोद चंद्र तिवारी, अभिहित अधिकारी एलएम पांडे, जिला आबकारी अधिकारी महेन्द्र सिंह बिष्ट, तहसीलदार तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।