सितारगंज। ऊधमसिंहनगर पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए वाहन चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के कथित सरगना गौरव कश्यप समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 20 जून 2026 को अजय कुमार अपनी मोटरसाइकिल से नानकमत्ता रोड स्थित गुरुद्वारे में दर्शन करने गए थे। बाहर खड़ी उनकी बाइक अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली सितारगंज में मामला दर्ज किया गया। क्षेत्र में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सिडकुल रोड से गिरोह के सरगना गौरव कश्यप, किशन मंडल उर्फ किन्नु और फैजान को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने सितारगंज क्षेत्र में कई वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें भी बरामद कीं।
जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी की गई मोटरसाइकिलों की पहचान छिपाने के लिए उनकी मूल नंबर प्लेट हटाकर फर्जी नंबर प्लेट लगा देते थे। गिरोह का सरगना गौरव कश्यप पहले भी वाहन चोरी के मामलों में जेल जा चुका है और उसी ने अन्य साथियों को बाइक चोरी, लॉक तोड़ने और पुलिस से बचने के तरीके सिखाए थे।
पुलिस ने बताया कि गिरोह के तीन अन्य सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। आरोपियों का पुलिस रिमांड लेकर क्षेत्र में हुई अन्य वाहन चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ और बरामदगी की जाएगी। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, एसएसआई जावेद मलिक, चौकी प्रभारी जगत सिंह साही, चौकी इंचार्ज सिडकुल काo प्रेम कनवाल, काo जगदीश कोठियाल, काo कृष्णा चंद्र, काo अर्जुन नग्नयाल तथा काo कमल गहतोड़ी पुलिस टीम के जवान शामिल रहे।