पीलीभीत। उत्तर प्रदेश सरकार के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने पीलीभीत दौरे के दौरान जिले के किसानों और बुनियादी ढांचे को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। अपने प्रवास के दौरान मंत्री ने कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में कृषि एवं उद्यान विभाग की विभागीय योजनाओं की गहन समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने व किसानों तक योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुँचाने के कड़े निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट में समीक्षा बैठक के उपरांत राज्य मंत्री स्थानीय नवीन मंडी समिति परिसर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में शामिल हुए। यहाँ उन्होंने मंडी परिषद के अंतर्गत जिले की चारों विधानसभाओं में 14 करोड़ 48 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 27 सड़क मार्गों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। जनसभा को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि पीलीभीत मंडी समिति में शीघ्र ही ‘कृषि निर्यात प्रोत्साहन केंद्र’ स्थापित किया जाएगा, जिससे स्थानीय फसलों और कृषि उपज को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सकेगी।

कृषि सुधारों और किसानों की आय पर चर्चा करते हुए राज्य मंत्री ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार के कार्यकाल में किसानों की आय दोगुनी से लेकर पाँच गुनी तक बढ़ी है। उन्होंने किसानों को पारंपारिक खेती के स्थान पर विविधीकरण (डाइवर्सिफिकेशन) अपनाने और औद्यानिक खेती (बागवानी व सब्ज़ी उत्पादन) की ओर रुख करने की सलाह दी। आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि पारंपरिक कृषि में जहाँ औसतन 46 फीसदी लाभ होता है, वहीं औद्यानिक खेती में यह मुनाफा 54 फीसदी तक पहुँच जाता है। घटती जोत का ज़िक्र करते हुए उन्होंने नवाचार के तौर पर गमलों में भी सब्ज़ियाँ उगाने का सुझाव दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनने के बाद पीलीभीत के किसानों को सीधा फायदा पहुँचेगा और यहाँ की कृषि उपज विदेशों में आसानी से निर्यात हो सकेगी।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य, पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह, पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान, बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद, बीसलपुर विधायक विवेक वर्मा, जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, उपनिदेशक प्रशासन (मंडी) विश्वेश्वर कुमार, उपनिदेशक निर्माण ललित सिंह और सिटी मजिस्ट्रेट विजयवर्धन तोमर, मंडी सचिव प्रवीण कुमार अवस्थी सहित जिले के तमाम प्रशासनिक अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. अमिताभ अग्निहोत्री द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया और राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को पीलीभीत की पहचान स्वरूप ‘बांसुरी’ भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में मंडी के स्टॉफ ने सहयोग दिया।