हापुड़। यहां मेरठ रोड़ पर स्थित ‘फ्लिपकार्ट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड’ (इंसकार्ट सर्विस) के कार्यालय को बेखौफ चोरों ने अपना निशाना बनाते हुए करीब 13 लाख रूपये से अधिक की नकदी पर हाथ साफ कर दिया और मौके पर फरार हो गए। मामला थाना देहात कोतवाली क्षेत्र का है।

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में जहां यह चोरी की वारदात हुई वह पुलिस अधीक्षक के आवास से महज ही कुछ दूरी पर स्थित है। जानकारी के अनुसार, मेरठ रोड स्थित इस लॉजिस्टिक कंपनी के ऑफिस में देर रात चार नकाबपोश चोरों ने प्रवेश किया। चोरों ने बड़ी सफाई से ऑफिस में रखे कैश बॉक्स को निशाना बनाया और उसमें रखी भारी-भरकम राशि लेकर चंपत हो गए।

सुबह जब कर्मचारी दफ्तर पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए। कैश गायब होने की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची देहात कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू की, तो सीसीटीवी फुटेज में चार संदिग्ध चोर वारदात को अंजाम देते हुए नजर आए हैं।

इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने कंपनी के अधिकारियों की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि चोरों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। फिलहाल, पुलिस कंपनी के कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है ताकि किसी अंदरूनी मिलीभगत की संभावना की भी जांच की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi