पीलीभीत। ​जनपद में हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत देशभक्ति, एकता और अखंडता का संदेश देने के उद्देश्य से एक विशाल तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ गांधी स्टेडियम से राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के साथ हुआ। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने हाथ में तिरंगा थामकर इस पैदल मार्च का नेतृत्व किया। गांधी स्टेडियम से शुरू होकर गौहनिया चौराहा होते हुए ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज तक पहुंची यह रैली पूरे मार्ग में देशभक्तिपूर्ण नारों से गूंजती रही। इस आयोजन में मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट प्यारे लाल मौर्य, जिला विद्यालय निरीक्षक विजय सिंह, कार्यक्रम नोडल अधिकारी इंतजार खान सहित जनपद के विभिन्न राजकीय व निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडेट्स, शिक्षक, पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी उत्साहपूर्वक शामिल हुए।


​ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित समापन समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हर देशवासी के दिल में राष्ट्रवाद की भावना को प्रगाढ़ करने का माध्यम है। उन्होंने जनपद के व्यापारियों, चिकित्सकों, शिक्षकों एवं समस्त नागरिकों से अपने घरों, प्रतिष्ठानों और कार्यालयों पर तिरंगा फहराकर इस अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने की अपील की। वहीं पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने युवाओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए इसे पीलीभीत के नागरिकों की देशभक्ति का जीवंत प्रमाण बताया और युवा पीढ़ी को देश की रक्षा व प्रगति के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi