पीलीभीत। जनपद के सीबीएसई स्कूलों के संगठन ‘पीलीभीत सहोदय कॉम्प्लेक्स’ ने स्कूल वाहनों की फिटनेस बरेली में कराए जाने के आदेश पर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। मंगलवार, को संगठन के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से भेंट कर एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें पीलीभीत जनपद में ही स्थानीय स्तर पर फिटनेस की व्यवस्था पूर्व की भांति बहाल रखने की मांग की गई है।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे डॉ. परविंदर सिंह सैहमी (प्रशासक, बेनहर पब्लिक स्कूल), नवीन चंद्र पाठक (प्रधानाचार्य, लिटिल एंजेल स्कूल) और देवेंद्र छाबड़ा (एमडी, ज्ञान इंटरनेशनल स्कूल) ने जिलाधिकारी को बताया कि बसों और वैनों को फिटनेस के लिए बरेली भेजने से स्कूलों और अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। ज्ञापन में तर्क दिया गया कि पीलीभीत से बरेली की दूरी अधिक होने के कारण एक बार गाड़ी भेजने पर लगभग 100 किलोमीटर और पूरनपुर तहसील से 180 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी होगी। इससे न केवल ईंधन की बर्बादी होगी, बल्कि वैश्विक तेल संकट के इस दौर में यह एक ‘नेशनल लॉस’ (राष्ट्रीय क्षति) भी है।
संगठन ने अपनी समस्याओं को बिंदुवार रखते हुए स्पष्ट किया कि फिटनेस के लिए गाड़ियां बरेली भेजने पर उस दिन स्कूल की छुट्टी करनी पड़ेगी, जिससे बच्चों की पढ़ाई का भारी नुकसान होगा। साथ ही, पीलीभीत जिले का परमिट होने के कारण बरेली जाने के लिए अनावश्यक कागजी कार्यवाही और खर्च में भी वृद्धि होगी। यदि किसी तकनीकी कारण से उसी दिन फिटनेस नहीं हो पाती, तो समय और धन की बर्बादी दोगुनी हो जाएगी, जो व्यावहारिक प्रतीत नहीं होता है।
जिलाधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रतिनिधिमंडल के सामने ही एआरटीओ पीलीभीत, वीरेंद्र कुमार को फोन कर वार्ता की। उन्होंने एआरटीओ को निर्देशित किया कि स्कूलों की इस समस्या का शीघ्र संज्ञान लेकर उचित समाधान निकाला जाए, ताकि बच्चों का शिक्षण कार्य बाधित न हो और स्थानीय स्तर पर ही व्यवस्था सुचारू की जा सके। इस दौरान सहोदय कॉम्प्लेक्स के अन्य सदस्य और शिक्षाविद भी उपस्थित रहे।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)
खबरों की हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए ‘Adhunik Duniya’ पोर्टल और हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें। ‘आधुनिक दुनिया’ – आपकी खबर, हमारी नजर।