​ पीलीभीत। सोशल मीडिया पर एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद जहानाबाद थाना पुलिस ने तत्काल कड़ा रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक पीलीभीत के कुशल निर्देशन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वायरल वीडियो का स्वतः संज्ञान लिया और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त अमित गंगवार उर्फ सोनू, पुत्र नरेन्द्र गंगवार (निवासी ग्राम कनाकौर, थाना जहानाबाद) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ थाना जहानाबाद में मु0अ0सं0 254/2026 के तहत बीएनएस की धारा 109 (1) के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया और सभी आवश्यक विधिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेज दिया है।
​घटना के संक्षिप्त विवरण के अनुसार, दिनांक 10 जुलाई 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से प्रसारित हुआ, जिसमें ग्राम उझैनिया रम्पुरा स्थित एक शराब के ठेके पर एक युवक दूसरे युवक की बुरी तरह पिटाई करता हुआ नजर आ रहा था। जहानाबाद पुलिस ने जब इस वीडियो की गहनता से जांच की, तो पता चला कि यह घटना 9 जुलाई 2026 की है। शराब पीने के दौरान चंद्रपाल (उम्र 28 वर्ष, पुत्र मेवाराम, निवासी ग्राम उमरसड) और अभियुक्त अमित गंगवार उर्फ सोनू के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। विवाद इतना बढ़ गया कि अभियुक्त अमित गंगवार ने चंद्रपाल पर चप्पलों से हमला कर दिया और उसके बाद साइकिल उठाकर उसके सिर पर वार कर दिया। कानून व्यवस्था को हाथ में लेने वाले इस कृत्य पर पुलिस ने बिना किसी देरी के स्वतः संज्ञान लेकर आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। इस त्वरित व सराहनीय कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में जहानाबाद थाने के उपनिरीक्षक (उ0नि0) राकेश कुमार गौतम और हेड कांस्टेबल (हे0का0) राजीव कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi