लखनऊ। नोएडा की पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के पिता एवं लखनऊ बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अधिवक्ता इंद्रदेव सिंह की हत्या के बहुचर्चित मामले में लखनऊ स्थित सीबीआई की विशेष अदालत ने तीन आरोपियों को दोषी करार दिया है।
अदालत ने विक्रम यादव, पन्ना सिंह और बृजेश यादव को हत्या का दोषी ठहराया है। मामले में दोषियों की सजा पर फैसला 7 जुलाई को सुनाया जाएगा।
गौरतलब है कि 8 अगस्त 2002 को अधिवक्ता इंद्रदेव सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने जांच सीबीआई को सौंप दी थी।
जांच में सामने आया था कि बर्खास्त लेखपाल मन्नालाल गुप्ता ने पैसों के हेरफेर के मामले में कार्रवाई के बाद कथित रूप से हत्या की साजिश रची थी। इस मामले में शामिल कई अन्य आरोपियों की पहले ही मृत्यु हो चुकी है।