सितारगंज। ऊधमसिंहनगर जिले में अवैध मादक पदार्थों और शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सितारगंज पुलिस ने चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने सिल्वर रंग की Swift Dzire कार से 21 पेटियों में रखे 945 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब बरामद किए हैं। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सितारगंज के पर्यवेक्षण में 29 अगस्त 2026 की रात पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान रसईयापुर से मेन हाईवे पर चीकाघाट चौराहे के पास एक सिल्वर रंग की कार आती दिखाई दी।
पुलिस टीम ने कार को रुकने का इशारा किया तो चालक पुलिस को देखकर वाहन को मोड़कर रसईयापुर की ओर भगाने लगा। पुलिस ने पीछा कर कार को रोक लिया। वाहन की तलाशी लेने पर पिछली सीट पर तीन प्लास्टिक के कट्टों में नौ पेटियां और डिग्गी में तीन प्लास्टिक के कट्टों में 12 पेटियां बरामद हुईं।
पुलिस के मुताबिक, कुल छह प्लास्टिक के कट्टों से 21 पेटियां बरामद हुईं। प्रत्येक पेटी में ‘MALTA SPICED COUNTRY SPIRIT’ अंकित 200 एमएल के टेट्रा पैक थे। कुल 945 टेट्रा पैक बरामद किए गए।
मामले में पुलिस ने शराब, छह प्लास्टिक के कट्टे और Swift Dzire कार संख्या UK04Y5925 को कब्जे में लेते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बरामदगी के संबंध में कोतवाली सितारगंज में धारा 60/72 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सन्नी स्याल (40) पुत्र सुदेश स्याल, निवासी ग्राम बोहराकोट, थाना टनकपुर, जनपद चम्पावत तथा तुषार (22) पुत्र प्रेमपाल, निवासी वार्ड नंबर 04 कपूर बस्ती, थाना टनकपुर, जनपद चम्पावत के रूप में हुई है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक जावेद मलिक, उपनिरीक्षक एवं चौकी प्रभारी सरकड़ा दीपक तिवारी, अपर उपनिरीक्षक अमित कुमार और कांस्टेबल संदीप सजवाल शामिल रहे।