सितारगंज। ऊधमसिंहनगर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत सितारगंज कोतवाली पुलिस ने 31.23 ग्राम स्मैक (हेरोइन) के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 300 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में 8 अक्टूबर 2026 को पुलिस टीम सिडकुल चौकी क्षेत्र से नैनीताल बॉर्डर की ओर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के लिए जा रही थी। इसी दौरान एमवीआर गेट के पास सर्विस रोड के अंतिम छोर से नदी की ओर जाने वाले रास्ते के समीप तीन-चार युवक संदिग्ध अवस्था में खड़े दिखाई दिए।
पुलिस टीम को देखकर युवक घबराकर इधर-उधर भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया। इस दौरान तीन युवक जंगल की ओर भागने में सफल रहे, जबकि एक युवक को टीम ने सर्विस रोड के किनारे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान पकड़े गए युवक के लोवर की पिछली दाहिनी जेब से पारदर्शी पन्नी में रखा मटमैले रंग का चूर्णनुमा पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलने पर पन्नी सहित पदार्थ का वजन 32.06 ग्राम मिला। पन्नी का वजन 0.83 ग्राम घटाने के बाद स्मैक का शुद्ध वजन 31.23 ग्राम पाया गया। आरोपी के पास से 300 रुपये नकद भी बरामद हुए।
पूछताछ में मजदूरों को स्मैक बेचने की बात आई सामने
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सिडकुल क्षेत्र में मजदूरी करने वाले लोगों को स्मैक बेचता था। उसने बताया कि कुछ समय पहले परसनी, थाना नानकमत्ता निवासी कुलविंदर सिंह उर्फ नारायण ने उसे स्मैक बेचने का काम करने के लिए कहा था। पुलिस मामले में अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान चंदन भट्ट (29 वर्ष), पुत्र पूरन चंद भट्ट, निवासी पूर्वी ककरौली, सिडकुल, थाना सितारगंज के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ग्राम पाँथ, थाना थल, जनपद पिथौरागढ़ का निवासी है।
इस मामले में कोतवाली सितारगंज में मुकदमा संख्या 494/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/21 में अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक जावेद मलिक, उपनिरीक्षक जगत सिंह शाही, हेड कांस्टेबल मतलूब खान, हेड कांस्टेबल जगदीश कोठियाल और कांस्टेबल कमल गहतोड़ी शामिल रहे।