सितारगंज। महाराजा अग्रसेन ट्रस्ट, सितारगंज में आयोजित समारोह के दौरान शगुन के लिए रखे गए एक लाख रुपये से भरा बैग चोरी होने के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 70 हजार रुपये नकद समेत चोरी का सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर 2026 को महाराजा अग्रसेन ट्रस्ट में आयोजित समारोह के दौरान वादी ने अपने जीजा, बहन, बुआ और अन्य रिश्तेदारों को शगुन देने के लिए एक बैग तैयार किया था। बैग में एक लाख रुपये नकद रखे गए थे। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने बैग चोरी कर लिया। मामले में थाना सितारगंज में मु0 FIR संख्या 481/2026, धारा 303(2) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
तहरीर में बैग का रंग नीला-काला चैकदार बताया गया था। बैग के अंदर गुलाबी और पीले रंग के लिफाफों में नकदी रखे होने की जानकारी भी पुलिस को दी गई थी। घटना के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करते हुए संभावित स्थानों पर दबिश दी।
पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर टीम ने महाराणा प्रताप चौराहे के पास स्थित एक खाली प्लॉट की घेराबंदी की और बैग चोरी के आरोपी राजू उर्फ सोहिल पुत्र इब्राहिम निवासी इस्लामनगर, थाना सितारगंज को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किया गया नीला-काला चैकदार बैग बरामद किया। बैग में छह गुलाबी लिफाफे और एक पीला लिफाफा मिले, जिनमें ₹500 के 20-20 नोट रखे थे। पुलिस के अनुसार, इन लिफाफों से कुल 70 हजार रुपये नकद बरामद हुए। इसके अलावा तीन खाली पीले लिफाफे, एक आधार कार्ड, एक मोबाइल बिल और Infinix कंपनी का सिल्वर रंग का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।
बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आरोपी राजू उर्फ सोहिल के खिलाफ धारा 303(2)/317(2) BNS के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
बरामद सामान:
- ₹70,000 नकद
- 06 गुलाबी लिफाफे
- 01 पीला लिफाफा
- 03 खाली पीले लिफाफे
- 01 आधार कार्ड
- 01 मोबाइल बिल
- 01 Infinix मोबाइल फोन, सिल्वर रंग
- 01 नीला-काला चैकदार बैग
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक जावेद मलिक, उपनिरीक्षक बलवीर सिंह, उपनिरीक्षक कैलाश देव और हेड कांस्टेबल मतलूब खान शामिल रहे।