सितारगंज: उत्तराखंड के सितारगंज से महिला सुरक्षा को ठेंगा दिखाने वाली एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। यहाँ एक युवक ने युवती को अपने प्रेमजाल में फंसाकर न केवल उसका शारीरिक शोषण किया, बल्कि शादी का वादा कर मुकर गया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी का झांसा देकर बनाए शारीरिक संबंध
पुलिस को दी गई तहरीर में सितारगंज के एक वार्ड की रहने वाली पीड़िता ने बताया कि वार्ड नंबर 8 निवासी वसीम ने उसे अपनी बातों में फंसाया और शादी करने का वादा किया। इसी झांसे में रखकर आरोपी ने उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। युवती ने जब वसीम पर शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी का असली चेहरा सामने आ गया।
इनकार करने पर की मारपीट
पीड़िता का आरोप है कि शादी की बात कहने पर वसीम ने न केवल साफ इनकार कर दिया, बल्कि उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट भी की। लोकलाज के डर को छोड़कर पीड़िता ने पुलिस की शरण ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और युवती का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि युवती की तहरीर के आधार पर आरोपी वसीम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 63 (दुष्कर्म), 351(3) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहराई से विवेचना कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।