सितारगंज। दहेज में पांच लाख रुपए ना देने पर विवाहिता का उत्पीड़न, मारपीट और दबाव बनाने के मामले में पुलिस ने पति समेत चार ससुरालियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
गांव नजीबाबाद, किच्छा निवासी रंजना ने बताया कि 30 अगस्त 2024 को चिंतिमझरा वार्ड, सितारगंज निवासी भारत सिंह से उसका विवाह हुआ था। विवाह के कुछ माह तक सब कुछ सामान्य रहा। इसके बाद विवाहिता के पति से छोटी आवश्यकता की मांग करने पर ससुराली उसे पूरा करने के लिए मायके से दहेज के रूप में पांच रुपए मंगाने का दबाव बनाने लगे।
विवाहिता ने आरोप लगाया कि उसका पति भारत सिंह अत्यधिक शराब पीता है। जिस कारण उसकी दोनों किडनी खराब हो चुकी है। यह भी आरोप लगाया कि उसके पति की पहले भी शादी हो चुकी है। पहली पत्नी से तलाक होने के बाद उसने उससे दूसरी शादी की। विवाहिता को इन सब बातों का पता चलने पर जब उसने ससुरालियों से इस पर बात करना चाहा तो ससुरालियों ने उससे मारपीट की।
आरोप लगाया कि 19 जनवरी 2026 को उसके पति भारत, ससुर चंद्र सिंह, ननद मंजू, नंदोई नरेंद्र ने उससे मारपीट की। इससे उसका हाथ टूट गया। सूचना पर पहुंचे पिता और भाई से भी ससुरलियों ने मारपीट की।
विवाहिता ने बताया कि वह फिलहाल अपने मायके में रह रही है। उसे व उसके परिवार को ससुराल पक्ष से जानमाल का खतरा बना हुआ है। उसने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
इधर, सीओ बीएस धौनी ने बताया कि विवाहिता की तहरीर पर पति समेत चार ससुरालियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की विवेचना की जा रही है।

खबरों की हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए ‘Adhunik Duniya’ पोर्टल और हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें। ‘आधुनिक दुनिया’ – आपकी खबर, हमारी नजर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *