सितारगंज। कोतवाली क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक (कोतवाल) सुंदरम शर्मा के नेतृत्व में मंगलवार को ग्राम पहाड़ी उकरौली में एक व्यापक किरायेदार सत्यापन अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान करना है।

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने घर-घर जाकर किरायेदारों से सघन पूछताछ की। उनके आधार कार्ड सहित अन्य आवश्यक पहचान संबंधी दस्तावेजों की भौतिक जांच की गई, साथ ही ‘पहचान एप’ के माध्यम से मौके पर ही ऑनलाइन सत्यापन भी किया गया। इस कार्रवाई के दौरान बिना सत्यापन के किरायेदार रखने वाले 7 मकान मालिकों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई और उनसे 1,750 रुपये का संयोजन शुल्क मौके पर ही वसूल किया गया। इसके अतिरिक्त, नियमों का उल्लंघन करने वाले पांच अन्य मकान मालिकों का दस-दस हजार रुपये का कोर्ट चालान भी काटा गया।

प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा ने स्पष्ट किया कि किरायेदारों का यह सत्यापन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अपराधों की रोकथाम के लिए ऐसे अभियान नियमित रूप से संचालित किए जाएंगे। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों में बिना सत्यापन के किसी को भी किरायेदार न रखें और क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। इस अभियान में एसएसआई जावेद मलिक, एसआई जगत सिंह साही, एएसआई सुरेंद्र सिंह दानू सहित भारी पुलिस बल उपस्थित रहा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi