सितारगंज। स्थानीय पीजी महाविद्यालय की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. गीतांजली मिश्रा ने विज्ञान और शोध के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल कर क्षेत्र और संस्थान का नाम देशभर में रोशन किया है। प्रतिष्ठित भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc) ने डॉ. मिश्रा और उनकी टीम को उनके नवाचारपूर्ण शोध कार्य के लिए ‘सर्वश्रेष्ठ प्रोजेक्ट पुरस्कार’ से सम्मानित किया है।

16 दिवसीय गहन प्रशिक्षण में दिखाई प्रतिभा
डॉ. गीतांजली मिश्रा ने बताया कि कर्नाटक के चेल्लाकेरे स्थित आईआईएससी परिसर में 24 अप्रैल से 9 मई तक शिक्षकों के लिए एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के विज्ञान वर्ग के लगभग 80 चुनिंदा शिक्षकों ने हिस्सा लिया।

अनुसंधान और तकनीक पर रहा जोर
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों, प्रयोगशाला की नई पद्धतियों और अनुसंधान आधारित शिक्षण प्रणालियों का व्यावहारिक अनुभव दिया गया। कार्यक्रम के अंत में शोध परियोजनाओं की प्रस्तुति हुई, जिसमें डॉ. गीतांजली की टीम के प्रोजेक्ट को उसकी वैज्ञानिक सोच और प्रभावशाली प्रस्तुति के आधार पर सर्वश्रेष्ठ चुना गया।

महाविद्यालय में खुशी की लहर
डॉ. गीतांजली की इस सफलता पर महाविद्यालय परिवार में जश्न का माहौल है। प्राचार्य डॉ. रेनू रानी बंसल ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे संस्थान के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि डॉ. गीतांजली जैसे शिक्षकों की यह उपलब्धि महाविद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता और शोध की संस्कृति को नई ऊर्जा प्रदान करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi