​पीलीभीत। आर्य समाज पीलीभीत के तत्वाधान में श्री दुग्धेश्वर संस्कृत महाविद्यालय में सात दिवसीय प्रांतीय आवासीय आर्य वीर दल प्रशिक्षण शिविर का भव्य संचालन किया जा रहा है। इस विशेष प्रशिक्षण शिविर का विधिवत उद्घाटन नगर पालिका पीलीभीत की अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल द्वारा ध्वजारोहण कर किया गया था। इस शिविर में जनपद के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से आए 12 से 18 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 60 बच्चे सहभागिता कर रहे हैं, जिन्हें आगामी 31 मई तक पूर्णतः अनुशासित माहौल में रखते हुए सनातन संस्कृति, शारीरिक विकास और नैतिक मूल्यों का कड़ा प्रशिक्षण दिया जाएगा।
​शिविर के मुख्य प्रशिक्षक सुभाष आर्य की देखरेख में बच्चों की दिनचर्या को बेहद रचनात्मक और अनुशासित बनाया गया है। इसी क्रम में आज के कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक रीति-नीति से यज्ञ और मंत्रपाठ के साथ हुआ। इसके उपरांत उपाधि महाविद्यालय के संस्कृत विद्वान प्रोफेसर डॉ. प्रणव शास्त्री ने शिविरार्थियों को जीवन में सफलता और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत अत्यंत प्रेरणाप्रद प्रवचन दिया। मुख्य प्रशिक्षक ने बताया कि इस सात दिवसीय आयोजन के दौरान बच्चों को न केवल अनुशासन व भारतीय सनातन संस्कृति के उच्च संस्कारों की शिक्षा दी जा रही है, बल्कि उन्हें आत्मरक्षा के लिए शारीरिक व्यायाम, यज्ञ करने की विधि तथा शुद्ध मंत्रोच्चारण का व्यावहारिक ज्ञान भी प्रदान किया जा रहा है।


​समारोह के सफल संचालन में दुर्गेश आर्य ने मुख्य भूमिका निभाई। इस अवसर पर आर्य समाज व शिक्षा जगत की कई गणमान्य विभूतियों ने उपस्थित रहकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया, जिनमें प्रमुख रूप से श्री प्रकाशवीर (अध्यक्ष), डॉ. अमित सक्सेना (प्रबंधक, महाविद्यालय), श्रीमती सुशीला आर्या, श्रीमती विद्योतमा मिश्रा, श्रीमती प्रेमवती, वासुदेव गंगवार, आचार्य हरि बहादुर, भूपराम विद्यार्थी, मोहनस्वरूप आर्य, स्वामी निरंजनानंद, गौरव आर्य और माखन लाल आर्य सहित जनपद के तमाम संभ्रांत आर्यसमाजी नागरिक शामिल रहे। इस सात दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर का भव्य समापन आगामी 31 मई को किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *