पीलीभीत। केंद्र सरकार के सफल नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद के गांधी स्टेडियम में आयोजित विशेष कार्यक्रम का समापन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिले के प्रभारी मंत्री बलदेव सिंह औलख ने शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे क्रांतिकारी बदलावों को रेखांकित किया। उन्होंने प्राइमरी स्कूल पिपरिया अगरू, पीएम श्री प्राइमरी स्कूल गणेशपुर और गोटिया बेनीपुर के निपुण छात्र-छात्राओं को पटका पहनाकर और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। प्रभारी मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि बेसिक शिक्षा के क्षेत्र में आज एक बड़ा सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है, न केवल स्कूलों का कायाकल्प हुआ है और उनकी सूरत बदली है, बल्कि पठन-पाठन के माहौल में भी गुणात्मक सुधार आया है।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने जनपद के सभी विभागों द्वारा कराए गए विकास कार्यों और सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुँचाना है। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने शिक्षा और विकास के समन्वय पर बल दिया।

शिक्षा विभाग की ओर से छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करने के लिए एक अनूठी पहल भी देखी गई। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने निपुण छात्र-छात्राओं के साथ गांधी स्टेडियम के समीप एक रेस्टोरेंट में बैठकर स्वयं नाश्ता और जलपान किया। उन्होंने बच्चों से संवाद करते हुए उनका हौसला बढ़ाया और उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। बीएसए की इस आत्मीय पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना की।
समापन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ-साथ शिक्षा विभाग के प्रमुख चेहरे भी उपस्थित रहे, जिनमें खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार सिंह, जिला व्यायाम शिक्षक राजीव कुमार, के.के. सागर, प्रधानाध्यापक सईदा, रजनी जौहरी और अन्य विभागीय अधिकारी व कर्मचारी शामिल थे। वक्ताओं ने सरकार की नीतियों को शिक्षा और सामाजिक उत्थान के लिए मील का पत्थर बताया।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)