संतकबीरनगर। जिले के महुली क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां आवारा कुत्तों के हमले में 9 वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, महुलियहवां खुर्द गांव की रहने वाली बच्ची को कुत्तों के झुंड ने हमला कर घायल कर दिया। बताया जा रहा है कि कुत्ते बच्ची को खींचकर पानी से भरे एक गड्ढे की ओर ले गए और उसे बुरी तरह नोच डाला।

बच्ची की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। ग्रामीणों ने किसी तरह कुत्तों को भगाया, लेकिन बच्ची की सांसें थम चुकी थीं।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा मामले की जानकारी जुटाई। मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक को लेकर भारी नाराजगी है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इस घटना ने एक बार फिर आवारा कुत्तों की समस्या और लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *