कोटा। राजस्थान के कोटा में निकाय चुनाव के बीच एक निर्दलीय प्रत्याशी का अनोखा चुनाव प्रचार चर्चा का विषय बना हुआ है। वार्ड नंबर 33 से चुनाव लड़ रहे कृष्ण मुरारी कहार जनसंपर्क के दौरान एक महिला के घर पहुंचे। वहां महिला को घर के बाहर बैठकर बर्तन धोते देख प्रत्याशी भी उसके पास बैठ गए और साबुन लेकर खुद बर्तन धोने लगे।

वायरल वीडियो में कृष्ण मुरारी कहार महिला के साथ बैठकर बर्तनों को साबुन से साफ करते और फिर पानी से धोते नजर आ रहे हैं। आमतौर पर चुनाव प्रचार के दौरान प्रत्याशी घर-घर जाकर मतदाताओं से मुलाकात करते और वोट की अपील करते हैं, लेकिन यहां प्रत्याशी ने घरेलू काम में हाथ बंटाकर लोगों का ध्यान खींच लिया।

बर्तन धोने के बाद कृष्ण मुरारी कहार ने महिला के पैर छूकर आशीर्वाद भी लिया। इसके बाद यह पूरा वाकया किसी ने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जिसके बाद वीडियो वायरल हो गया।

वीडियो सामने आने के बाद लोग प्रत्याशी के इस अंदाज को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग इसे मतदाताओं के बीच घुलने-मिलने और जमीन से जुड़े रहने का तरीका बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे चुनावी प्रचार का अलग अंदाज मान रहे हैं।

कोटा नगर निगम चुनाव में वार्ड 33 से कृष्ण मुरारी कहार निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर मैदान में हैं। चुनाव प्रचार के बीच उनका बर्तन धोने वाला यह वीडियो फिलहाल सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi