पीलीभीत। वन एवं वन्यजीव प्रभागीय कार्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान वन संरक्षक/फील्ड डायरेक्टर पीलीभीत टाइगर रिजर्व द्वारा कार्यालय परिसर में नवनिर्मित आकर्षक वाटिका (पार्क) का विधिवत उद्घाटन किया गया। उद्घाटन के बाद आयोजित विशेष पौधरोपण कार्यक्रम में वन संरक्षक/फील्ड डायरेक्टर, प्रभागीय वनाधिकारी पीलीभीत टाइगर रिजर्व और प्रभागीय निदेशक द्वारा पार्क की सुंदरता बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रकार के फूलदार और शोभाकार पौधों का रोपण किया गया।


इसी क्रम में, पीलीभीत-बनकटी मार्ग पर स्थित फील्ड डायरेक्टर पीलीभीत टाइगर रिजर्व के आवास एवं कार्यालय के ठीक सामने वृक्षारोपण महाअभियान के अंतर्गत एक और वृहद कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस बार पौधरोपण अभियान को ‘एक पेड़ माँ के नाम’ की विशेष थीम के साथ संचालित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक रोहिलखंड जोन बरेली पी. पी. सिंह उपस्थित रहे। उनके साथ पीलीभीत टाइगर रिजर्व के प्रभागीय वन अधिकारी मनीष सिंह और वन एवं वन्य जीव प्रभाग पीलीभीत के प्रभागीय निदेशक भरत कुमार डी. के. ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया। इस महाअभियान के तहत अधिकारियों और पीलीभीत रेंज के समस्त स्टाफ ने मिलकर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भारी संख्या में पौधे रोपे। उपस्थित अधिकारियों ने इस अवसर पर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में वनों की भूमिका को रेखांकित किया और आम जनता से भी इस अभियान से जुड़कर अपनी माँ के नाम पर कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का आह्वान किया।