लखनऊ। राजधानी की Lucknow GRP टीम ने एक दशक से अधिक समय से कानून को चकमा दे रहे शातिर अपराधी संत कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। 50 हजार रुपये के इस इनामी बदमाश को अहमदाबाद से दबोचा गया है। आरोपी अपनी पहचान छिपाकर वहां रह रहा था।
2012 में की थी रेलवे कर्मी की हत्या
मामला साल 2012 का है, जब संत कुमार ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर रायबरेली में तैनात रेलवे के एक केबिन मैन की बेरहमी से हत्या कर दी थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से ही वह फरार चल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
आजीवन कारावास की हो चुकी है सजा
गौर करने वाली बात यह है कि इस मामले में आरोपी को अदालत द्वारा आजीवन कारावास की सजा सुनाई जा चुकी है। सजा से बचने के लिए वह नाम बदलकर गुजरात में छिपकर रह रहा था। Lucknow Division की विशेष टीम ने सर्विलांस और सटीक सूचना के आधार पर उसे अहमदाबाद से गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।