लखनऊ | उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा मानकों से खिलवाड़ करने के मामले में भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) ने ई-कॉमर्स कंपनी अमेज़न (Amazon) के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले भौकापुर स्थित अमेज़न के विशाल वेयरहाउस पर बीआईएस की टीम ने अचानक धावा बोल दिया। इस छापेमारी के दौरान वेयरहाउस से भारी मात्रा में ऐसे उत्पादों का अवैध स्टॉक बरामद किया गया, जो बिना अनिवार्य बीआईएस प्रमाणन (BIS Certification) के धड़ल्ले से बाजार और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बेचे जा रहे थे।
बीआईएस की 9 सदस्यीय टीम ने मारा छापा
आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, भारतीय मानक ब्यूरो को लगातार यह गोपनीय शिकायतें मिल रही थीं कि लखनऊ के बंथरा स्थित अमेज़न वेयरहाउस में सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर घटिया और बिना प्रमाणित उत्पादों को स्टोर और सप्लाई किया जा रहा है । इन इनपुट्स के आधार पर बीआईएस की एक विशेष 9 सदस्यीय उच्च स्तरीय टीम का गठन किया गया। इस संयुक्त टीम ने जब भौकापुर स्थित वेयरहाउस परिसर की सघन तलाशी ली, तो वहां सुरक्षा नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ती पाई गईं, जिसके बाद टीम ने तत्काल जब्तीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी।
789 खिलौने और सेनेटरी नैपकिन के पैकेट जब्त
शाम तक चली इस लंबी कार्रवाई के दौरान बीआईएस की टीम ने वेयरहाउस से कुल 789 संदिग्ध और अवैध उत्पाद जब्त किए। बरामद की गई खेप में सबसे ज्यादा मात्रा बच्चों के खिलौनों (Toys) और महिलाओं द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले सेनेटरी नैपकिन (Sanitary Napkins) की थी। ये दोनों ही उत्पाद भारत सरकार के नियमों के अनुसार बेहद संवेदनशील श्रेणी में आते हैं और इनके निर्माण व बिक्री के लिए सख्त बीआईएस मानक अनिवार्य हैं। वेयरहाउस में इस पूरे स्टॉक को बिना किसी वैध प्रमाणन के केवल ऑनलाइन बिक्री और डिलीवरी के उद्देश्य से जमा करके रखा गया था।
अमेज़न और वेंडर्स पर दर्ज होगा मुकदमा
भारतीय मानक ब्यूरो के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बिना आईएसआई (ISI) या बीआईएस (BIS) मार्क के बच्चों के खिलौने और सेनेटरी नैपकिन बेचना कानूनन एक गंभीर और दंडनीय अपराध है, क्योंकि यह सीधे तौर पर बच्चों के मानसिक-शारीरिक स्वास्थ्य और महिलाओं की स्वच्छता सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। बीआईएस अधिनियम के तहत अमेज़न वेयरहाउस प्रबंधन और संबंधित वेंडर्स (विक्रेताओं) के खिलाफ भारी जुर्माने और कानूनी धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी पूरी कर ली गई है। इस बड़ी छापेमारी के बाद लखनऊ के अन्य प्रमुख लॉजिस्टिक्स और ई-कॉमर्स वेयरहाउसों में भी अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।