रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर) | उत्तराखंड के रुद्रपुर में शातिर चोरों ने एक बार फिर पुलिस गश्त को चुनौती देते हुए एक बंद मकान को निशाना बनाया है। भूरारानी रोड स्थित नैना कॉलोनी में रहने वाले वरिष्ठ पत्रकार सत्यपाल अरोड़ा के घर से चोरों ने लाखों के जेवरात और नकदी चोरी कर ली है। विशेष बात यह है कि चोरों ने उस नकदी पर भी हाथ साफ किया जो बेटी की स्कूल फीस के लिए रखी गई थी।

गणतंत्र दिवस की सुबह हुआ खुलासा

वरिष्ठ पत्रकार सत्यपाल अरोड़ा ने पुलिस को बताया कि वह बीती 9 जनवरी को घर पर ताला लगाकर काम के सिलसिले में देहरादून गए थे, जबकि उनकी पत्नी बिजनौर गई हुई थीं। सोमवार 26 जनवरी 2026 की सुबह करीब सवा ग्यारह बजे जब वे वापस लौटे, तो मुख्य गेट का ताला तो लगा मिला, लेकिन अंदर कमरों के दरवाजे खुले थे।

फीस के लिए रखे डेढ़ लाख भी ले उड़े चोर

घर के भीतर का मंजर देखकर परिवार के होश उड़ गए। अलमारियों और बेड का सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने सेफ का ताला तोड़कर उसमें रखे 6 तोला सोने के आभूषण और डेढ़ लाख रुपये की नकदी गायब कर दी थी। पीड़ित पत्रकार के अनुसार, यह नकदी उन्होंने अपनी बेटी की स्कूल फीस जमा करने के लिए जुटाकर रखी थी।

पुलिस की कार्रवाई और सीसीटीवी की पड़ताल

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुँचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उप-निरीक्षक सन्तोष कुमार को सौंपी गई है। पुलिस कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके।

पत्रकार जगत में भारी रोष

शहर के बीचों-बीच वरिष्ठ पत्रकार के घर हुई इस वारदात से स्थानीय पत्रकारों में भारी नाराजगी है। पत्रकार संगठनों ने पुलिस के आला अधिकारियों से मुलाकात कर जल्द से जल्द चोरी का खुलासा करने, माल बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *