रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर पुलिस ने मानव तस्करी और अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गाबा चौक स्थित एक स्पा सेंटर में चल रहे देह व्यापार के रैकेट का पर्दाफाश किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) की टीम ने छापेमारी कर 2 नाबालिग समेत 5 युवतियों को रेस्क्यू किया, जबकि 2 महिलाओं सहित कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, यह रैकेट मिजोरम की युवतियों को अच्छे काम का झांसा देकर रुद्रपुर लाता था और बाद में उन्हें डरा-धमकाकर देह व्यापार के लिए मजबूर करता था। गुप्त सूचना के आधार पर निरीक्षक मनोहर सिंह दसौनी के नेतृत्व में टीम ने ‘ब्यूटी क्वीन स्पा एंड सैलून’ पर औचक छापा मारा।

छापेमारी के दौरान मौके से 5 मोबाइल फोन, एक स्कैनर, रजिस्टर और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपियों में स्पा संचालिका, उसका पति, हाउसकीपिंग स्टाफ, रिसेप्शनिस्ट और एक ग्राहक शामिल हैं।

रेस्क्यू की गई सभी युवतियां मिजोरम की रहने वाली हैं, जिनमें दो नाबालिग हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों द्वारा सुनियोजित तरीके से युवतियों को फंसाकर इस अवैध धंधे में धकेला जाता था।

मामले में मिजोरम के ऑल वुमेन पुलिस स्टेशन, आइजोल में पहले से दर्ज मुकदमों के साथ समन्वय किया जा रहा है। वहीं, रुद्रपुर कोतवाली में भी भारतीय न्याय संहिता, अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम 1956 और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम की इस कार्रवाई को मानव तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *