रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति ने पुलिस लाइन रुद्रपुर में प्रशिक्षु आरक्षियों का विशेष सम्मेलन आयोजित कर उन्हें अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा का संदेश दिया। सम्मेलन का उद्देश्य युवा पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाना, उनमें अनुशासन की भावना को मजबूत करना तथा उनकी व्यक्तिगत और पारिवारिक समस्याओं को जानकर उनका समाधान करना था।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए एसएसपी ने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन सफलता और गरिमा की पहली शर्त है। उन्होंने प्रशिक्षु आरक्षियों को ऑन-ड्यूटी और ऑफ-ड्यूटी दोनों समय अनुशासन का पालन करने, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ जनता की सेवा करने तथा प्रत्येक पीड़ित की बात संवेदनशीलता और सहानुभूति के साथ सुनने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने प्रशिक्षु आरक्षियों के रहन-सहन, खान-पान, बैरक की व्यवस्थाओं और उनके पारिवारिक हालात की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जब पुलिसकर्मी पारिवारिक चिंताओं से मुक्त रहेगा, तभी वह पूरी क्षमता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकेगा।
उन्होंने सभी जवानों को हमेशा साफ-सुथरी वर्दी पहनने, समय का पालन करने और ड्यूटी के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइन डी.आर. वर्मा, प्रतिसार निरीक्षक गजेंद्र परवाल, प्रतिसार निरीक्षक आरटीसी पुष्कर सिंह लसपाल सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।