रुद्रपुर। हल्द्वानी-रामपुर मार्ग पर टांडा पुलिस चौकी के पास देर रात तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।

मृतकों की पहचान ग्राम फुलसुंगी रुद्रपुर निवासी 25 वर्षीय चेतन चौहान और नंद विहार कॉलोनी, फुलसुंगी निवासी 24 वर्षीय वैभव छाबड़ा के रूप में हुई है। पहचान होने की सूचना पर दोनों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों युवक बाइक संख्या UK 06 BN 8480 से देर रात हल्द्वानी-रामपुर मार्ग से जा रहे थे। टांडा पुलिस चौकी के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक बाइक से उछलकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरे।

हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। शुरुआती दौर में मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने जांच के बाद दोनों की पहचान चेतन चौहान और वैभव छाबड़ा के रूप में की और उनके परिजनों को सूचना दी।

चौकी प्रभारी के अनुसार पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई है। दुर्घटना से जुड़े साक्ष्यों को भी सुरक्षित किया गया है। प्रारंभिक जांच में बाइक के तेज गति में होने के कारण अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने की बात सामने आई है।

हालांकि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस बाइक की स्थिति, घटनास्थल और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दुर्घटना के कारणों का पता लगा रही है। हादसे से ठीक पहले बाइक की गति और घटनास्थल की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है। आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi